मुंगेली// कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बुधवार को सीएमएचओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों के निष्पादन, स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी व्यवस्था और विभिन्न अधिनियमों के अनुपालन की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई मामलों में देरी, अनियमितता और प्रक्रियागत लापरवाही पाई गई, जिसके बाद चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
पीसीपीएनडीटी और नर्सिंग होम एक्ट मामलों में देरी
कलेक्टर ने पीसीपीएनडीटी से संबंधित फाइलों में अनावश्यक विलंब और नर्सिंग होम एक्ट के अंतर्गत लंबित मामलों का समय पर निराकरण नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. शीला साहा, पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश खैरवार, सहायक ग्रेड-02 सरस्वती बघेल और सहायक ग्रेड-03 दीपक प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एनएचएम भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की जांच
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से संबंधित फाइलों की जांच में जिला स्वास्थ्य समिति की स्वीकृति के बिना नियुक्ति पत्र जारी किए जाने की जानकारी सामने आई। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमएचओ के खिलाफ भी नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम, जिला कोषालय अधिकारी और डीआईओ की समिति गठित कर भर्ती एवं पदस्थापना प्रक्रिया की विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के ग्रामीण, गरीब और आम नागरिकों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने, जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने के निर्देश दिए।
