कलेक्टर धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण, शिकायत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश,केंद्र प्रभारी हटाने व नोटिस जारी करने के आदेश

मुंगेली | 24 दिसम्बर 2025

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने उपार्जन केंद्र बाँकी और निरजाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक हुई धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, किसानों का पंजीयन, डीओ कटने की स्थिति, रकबा समर्पण तथा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें पारदर्शिता, गुणवत्ता व समय-सीमा सर्वोपरि है। किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाँकी धान खरीदी केंद्र में टोकन कटने की स्थिति की समीक्षा की और किसानों से सीधे संवाद कर वास्तविक हालात जाने। धान तौल व्यवस्था के निरीक्षण में केंद्र प्रभारी द्वारा बिना हमाल के किसानों से तौलाई एवं धान पलटी कराए जाने की शिकायत सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल जांच कर बाँकी केंद्र प्रभारी को हटाने तथा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा रकबा समर्पण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्र से समय पर धान उठाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरजाम धान उपार्जन केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने तौल व्यवस्था और धान की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में अमानक धान की खरीदी न की जाए, और यदि अमानक धान पाया जाता है तो तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने किसानों से सीधे बातचीत कर केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कोचियों–बिचौलियों के बहकावे में न आने की अपील की। साथ ही केंद्रों पर साफ-सफाई, व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सहकारिता आयुक्त श्री हितेश श्रीवास, जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश डड़ेसना, जिला विपणन अधिकारी श्री मनोज यादव, सीसीबी नोडल श्री संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *