रायपुर, 18 जून 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर स्थित निवास कार्यालय में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

- जातीय तकनीकी कारण से वंचित विद्यार्थियों को राहत
डिहारी कोरवा, बघेल क्षत्री, संसारी उरांव, पबिया समाज के विद्यार्थियों को अनुसूचित जनजाति एवं डोमरा समाज को अनुसूचित जाति के समतुल्य राज्य छात्रवृत्ति एवं छात्रावास सुविधा दी जाएगी। - सोलर रूफटॉप संयंत्र पर अतिरिक्त राज्य सहायता
‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सरकार सोलर संयंत्र लगाने पर राज्य की ओर से 15,000 से 30,000 रुपये तक अतिरिक्त सब्सिडी देगी। वर्ष 2025-26 में 60,000 और 2026-27 में 70,000 संयंत्र लगाने का लक्ष्य है। - छत्तीसगढ़ टाइगर फाउंडेशन सोसायटी का गठन
राज्य में बाघों के संरक्षण और ईको-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई संस्था का गठन किया जाएगा, जो जनसहयोग से संचालित होगी। - रामकृष्ण मिशन की सहयोगी संस्था का विलय
‘विश्वास संस्था’ को ‘रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर’ में मर्ज करने को स्वीकृति दी गई। - बेमेतरा में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना
साजा तहसील के बेलगांव में 100 एकड़ भूमि उद्यानिकी विभाग को निःशुल्क दी जाएगी। - ‘JashPure’ ब्रांड का हस्तांतरण
महिला समूहों द्वारा निर्मित हर्बल उत्पादों को व्यापक बाजार दिलाने के लिए ‘JashPure’ ब्रांड को राज्य शासन या CSIDC को हस्तांतरित किया जाएगा। - शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को नई नियुक्ति सुविधा
अब नक्सली हिंसा में शहीद पुलिसकर्मी के पात्र परिजन को किसी भी विभाग या जिले में अनुकम्पा नियुक्ति मिल सकेगी। - स्टेट मिनरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट का गठन
गौण खनिजों के बेहतर दोहन और अधोसंरचना विकास हेतु SMET का गठन किया जाएगा। इससे प्राप्त रॉयल्टी का 2% ट्रस्ट में जमा होगा।