कैबिनेट बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय
रायपुर, 30 जुलाई 2025 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

👉 खनिज न्यास नियमों में संशोधन:
प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY)-2024 की नई गाइडलाइन के अनुसार छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 में संशोधन का निर्णय लिया गया। अब न्यास को मिलने वाली राशि का कम-से-कम 70% हिस्सा पेयजल, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध-निःशक्तजन कल्याण, कृषि, स्वच्छता, आवास, कौशल विकास, पशुपालन और रोजगार पर खर्च होगा।
👉 रेत उत्खनन के लिए नए नियम लागू:
अब “छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025” लागू होंगे। पूर्व नियम 2019 और 2023 को निरस्त किया गया। नए नियमों के तहत इलेक्ट्रॉनिक नीलामी से रेत खदानों का आवंटन होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, अवैध उत्खनन रुकेगा, पर्यावरणीय मानकों का पालन होगा और आम जनता को उचित दरों पर रेत मिल सकेगी।
👉 कृषि भूमि की दर निर्धारण में बदलाव:
ग्रामीण कृषि भूमि की बाजार दर अब हेक्टेयर के आधार पर तय की जाएगी। 500 वर्गमीटर की दर प्रणाली समाप्त की गई है। भारतमाला परियोजना और अरपा-भैंसाझार की अनियमितताओं से बचने हेतु यह कदम उठाया गया। साथ ही सिंचित भूमि की ढाई गुना दर प्रणाली समाप्त होगी और शहरी सीमाओं से सटे गांवों की दरें वर्गमीटर में तय होंगी।
👉 नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी को भूमि:
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को नवा रायपुर (अटल नगर) सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि क्रिकेट अकादमी स्थापना के लिए दी जाएगी। इससे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।