रायपुर, 15 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान स्वास्थ्य, अधोसंरचना, जनकल्याण और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को गति दी। इस अवसर पर जिले में 122 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला गैस योजना के तहत 2 हजार से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन प्रदान किए। बगीचा में आयोजित उज्ज्वला महोत्सव के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं।

विकासखंड बगीचा में लगभग 2.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। इस केंद्र में जनरल सर्जरी, ईएनटी, शिशु रोग, अस्थि रोग और स्त्री रोग सहित विशेषज्ञ सेवाएं तथा आधुनिक लैब जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके संचालन के लिए 100 मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की स्वीकृति दी गई है।
इसी परिसर में मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ किया गया, जिसमें न्यूरो, नेफ्रोलॉजी, हड्डी रोग, स्त्री रोग, ईएनटी और प्लास्टिक सर्जरी सहित सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने जांच, लैब टेस्ट और निःशुल्क दवा वितरण किया। गंभीर रोगियों को उच्चस्तरीय अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था की गई।
बगीचा में 110.47 करोड़ रुपये की लागत से 46 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें 3.34 करोड़ रुपये के 9 कार्यों का लोकार्पण और 107.13 करोड़ रुपये के 37 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यों में सड़कें, पुल-पुलिया, आर्चरी अकादमी परिसर और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।
फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला में आयोजित अखिल भारतीय कंवर समाज के वार्षिक सम्मेलन के अवसर पर 12.22 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसमें उच्चस्तरीय पुल, ग्रामीण सड़कें, सामाजिक भवन, स्कूल सौंदर्यीकरण, छात्रावास और एसडीएम कार्यालय भवन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बगीचा में 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मंगल भवन का निरीक्षण किया। इसमें विशाल हॉल, स्टेज, कक्ष, पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, विधायक रायमुनी भगत और गोमती साय, पूर्व विधायक भरत साय, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।