रायपुर, 11 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोरबा जिले के महर्षि वाल्मीकि आश्रम, आईटीआई रामपुर में आयोजित गौरा पूजा महोत्सव एवं बैगा पुजेरी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने गौरा-गौरी पूजन और बैगा पुजेरी सम्मेलन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज का गौरवशाली इतिहास, विशिष्ट संस्कृति और समृद्ध परंपराएं रही हैं। बैगा और पुजेरी समाज इन परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने आईटीआई चौक से बालको रोड का नाम ‘जनजातीय गौरव पथ’ रखने और मार्ग के प्रारंभिक बिंदु पर जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया और धरती आबा उत्कर्ष योजना तथा पीएम जनमन योजना प्रारंभ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के लिए 80 हजार करोड़ रुपये और पीएम जनमन योजना के लिए 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ के 6,691 गांव लाभान्वित हो रहे हैं। पहाड़ी कोरवा, बिरहोर सहित पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आदिवासी अंचलों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए राज्य में प्राधिकरण का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पढ़ाई के बाद वनवासी कल्याण आश्रम में कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज आदिकाल से भगवान गौरागौरी के रूप में शिव-पार्वती के उपासक रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में डिजिटल जनजातीय संग्रहालय स्थापित किया गया है, जिसमें जनजातीय महापुरुषों की जीवनगाथाओं का सचित्र वर्णन है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण हेतु बैगा, गुनिया और सिरहा को प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है तथा सरना स्थलों के संरक्षण की योजना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने जिले के प्राचीन देवी-देवताओं के स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी पनतराम भगत और बीरबल सिंह ने संबोधन दिया। महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।