मुंगेली जिले के थाना लालपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 72 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को सुखदेव कश्यप ने थाना लालपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता रामकुमार कश्यप के नाम पर 6.70 एकड़ पैतृक भूमि है, जिस पर लंबे समय से खेती की जा रही थी। इसी जमीन को लेकर परदेशी के पुत्र अयोध्या कश्यप द्वारा लगातार हिस्सेदारी की मांग की जा रही थी।

इस विवाद को लेकर सिविल न्यायालय लोरमी में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें 30 दिसंबर 2025 को दोनों पक्षों को 3.35-3.35 एकड़ भूमि का अधिकारी बताया गया, लेकिन कब्जा आदेश जारी नहीं हुआ था। इसके बावजूद विवाद जारी रहा।
9 जनवरी 2026 की सुबह खेत में अरहर फसल काटने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने एक राय होकर रामकुमार कश्यप पर लाठी, डंडा और तब्बल से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2) और 191(3) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, फॉरेंसिक साक्ष्य और गवाहों के बयान एकत्र किए गए।
पुलिस ने रामफल कश्यप, धनराज कश्यप, राजू कश्यप, डोमन निषाद, नंदकुमार कश्यप और सुरेश चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी और डंडे जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी कुंज बिहारी की भूमिका की जांच सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।