मुंगेली, 05 दिसंबर 2025// जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में 19 दिसंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025-26 का आयोजन किया जाएगा। शासन द्वारा युवाओं को कला, प्रतिभा और संस्कृति के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। उत्सव में भाग लेने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तय की गई है।
प्रतिभागियों की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष तथा नृत्य एवं संगीत वर्ग के लिए 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वरिष्ठ खेल अधिकारी के अनुसार उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ, करमा, वाद-विवाद और पेंटिंग सहित कुल 09 विधाओं की प्रतियोगिताएँ होंगी। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। आयु संबंधी प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कलेक्टोरेट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 241 में संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन भी कर सकते हैं।