जल जीवन मिशन में लापरवाही पर आठ ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त


मुंगेली, 04 अक्टूबर 2025 // राज्य शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले में हो रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 08 ठेकेदारों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इन फर्मों के अनुबंध निरस्त करने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।



कलेक्टर ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या धीमी कार्यप्रगति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसे मामले सामने आए, तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार दोनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कुन्दन राना ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें से कुछ ठेकेदारों द्वारा कार्यों में रुचि नहीं दिखाई जा रही थी और काम की रफ्तार अत्यंत धीमी थी। सभी को पहले नोटिस और चेतावनी दी गई थी, लेकिन चेतावनी के बाद भी सुधार नहीं हुआ।

उदासीनता और लापरवाही जारी रहने पर प्रशासन ने कलेक्टर के निर्देश पर 08 फर्मों के अनुबंध निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। यह कार्रवाई भविष्य के लिए अन्य ठेकेदारों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि शासन की योजनाओं में ढिलाई किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं होगी।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *