मुंगेली, 12 जुलाई 2025 —
मुंगेली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंटरनेट पर फर्जी व्यवसायी बनकर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहा था और ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से पकड़ में आया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी अर्जुन एक्का को गिरफ्तार किया गया, जिसने वर्ष 2022 में एक व्यक्ति से केरी बैग की सप्लाई के नाम पर ₹1,61,250 की धोखाधड़ी की थी। आरोपी इंटरनेट पर फर्जी “श्री गणेश एंटरप्राइज़ेस” नाम से कारोबार दर्शाता और लोगों को झांसा देकर एडवांस पेमेंट मांगता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2022 को प्रार्थी अनुप सत्यपाल ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने इंटरनेट पर एक मोबाइल नंबर से संपर्क किया, जहाँ आरोपी अर्जुन एक्का ने खुद को बैग सप्लायर बताया और एडवांस के रूप में ₹20,000 ट्रांसफर करवाया। इसके बाद कुल ₹1,61,100 की राशि दो अलग-अलग खातों में जमा करवाई गई। लेकिन न तो सामान मिला और न ही मोबाइल धारक ने कॉल रिसीव किया।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 128/2022 धारा 420, 34 भादवि. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण हेतु दिए गए निर्देश के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में जांच तेज की गई। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अर्जुन एक्का का पता लगाकर उसे थाना तलब किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि ठगी की गई राशि रश्मि लकड़ा के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई थी, जिसे उसके भाई दुर्जन एक्का द्वारा अर्जुन के फोन-पे खाते में भेजा गया। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरीजाशंकर यादव, सउनि. भानू प्रताप बर्मन, प्रआर. चंद्रकुमार ध्रुव, आरक्षक मनोज टंडन, बसंत डाहिरे, संजय यादव और सैनिक भोपसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
