मुंगेली।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार सराहनीय कार्य कर रही स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित “हरियर मुंगेली – सुघ्घर मुंगेली” अभियान के दूसरे चरण में आज शहर में 26 पौधों का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम पड़ाव चौक से बी.आर. साव स्कूल तक तथा समन्वय संगीत एवं कला महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। रोपित किए गए पौधों में नीम, बादाम, कदम और मौलश्री जैसे छायादार व पर्यावरण हितैषी वृक्ष शामिल हैं, जिन्हें ट्री गार्ड से सुरक्षित भी किया गया।

कार्यक्रम में संस्था के सह-संयोजक रामशरण यादव ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखरेख कर उन्हें पूर्ण विकसित वृक्ष बनाना है। उन्होंने बताया कि अब तक रोपे गए 95% पौधे सुरक्षित वृक्ष का रूप ले चुके हैं, जो संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने पर्यावरण संकट की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि तेजी से बदलते मौसम चक्र से यह स्पष्ट है कि अब हर नागरिक को पर्यावरण की रक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस अवसर पर संस्था के सदस्यों गोखलेश सिंह, देवशंकर श्रीवास्तव, विकास जैन, पप्पू शर्मा और संतोष जांगड़े के जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए पौधारोपण किया गया और केक काटकर उत्सव मनाया गया।
अभियान प्रभारी मुकेश पांडेय ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन या अन्य विशेष अवसरों को वृक्षारोपण जैसे कार्य से सार्थक बनाएं और “हरियर मुंगेली” के संकल्प में सहभागी बनें।
इस आयोजन में नगर के कई पर्यावरण प्रेमियों व संस्था के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से रामपाल सिंह, महावीर सिंह, विनोद यादव, सतपाल मक्कड़, दिनेश गोयल, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, श्रेणिक पारख, अनुराग सिंह, अजय चंद्राकर, संतोष जांगड़े, अमित साहू, परमेश्वर देवांगन, कोमल चौबे, सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।