बलरामपुर जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन 26 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन ग्राउंड, बलरामपुर में किया गया।

मुख्य समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान और वंदे मातरम का गायन हुआ। इसके बाद मंत्री ने कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के साथ परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
परेड में शामिल पुलिस बल और नगर सेना की सशस्त्र टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर तिरंगे को सलामी दी। परेड कमांडर विमलेश कुमार देवांगन और परेड टू आईसी हिम्मत सिंह शेखावत के नेतृत्व में विभिन्न बलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के दलों ने मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया।

परेड के उपरांत मंत्री द्वारा जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ की गौरव गाथा को प्रदर्शित किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा थीम आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों में जिले के विकास, शासकीय योजनाओं और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को दर्शाया गया।
मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभागीय झांकियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों और विभागों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वीरगाथा 5.0 सत्र 2025-26 के अंतर्गत चयनित बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 67 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।