रायपुर | 5 जून 2025
हर नागरिक तक पहुंचे दवा और इलाज, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दवाइयों की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा प्रणाली राज्य में स्वास्थ्य सुधार की दिशा में बेहद प्रभावी हो सकती है, जिसे और विस्तारित करने की जरूरत है।
मंत्रालय में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसामान्य को उनके घर के पास ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलनी चाहिए। इसके लिए अस्पतालों में सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और बीमारी-विशेष अभियानों को प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से एनीमिया, मैटरनल हेल्थ और कुष्ठ रोग पर फोकस करने के निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ बना स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) कार्यक्रम में देश में 5वें स्थान पर है, जो राज्य के स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया ने जानकारी दी कि टीबी और मलेरिया के उन्मूलन में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में है। टीबी इलाज की सफलता दर 90% तक पहुंच चुकी है और 100% मरीजों का नोटिफिकेशन किया गया है। मार्च 2025 तक टीकाकरण का 94% लक्ष्य भी पूरा कर लिया गया है।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, आयुक्त श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, डॉ. प्रियंका शुक्ला, श्री दीपक अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह समीक्षा बैठक छत्तीसगढ़ को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में और अधिक मजबूती देने वाली साबित हुई।