होली पर्व को लेकर पथरिया थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न


भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और प्रशासनिक निर्देशों के पालन की अपील

पथरिया। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पथरिया थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों की सहभागिता रही। सभी ने एक स्वर में भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार छाया अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रतीक पर्व है, जिसे मर्यादा और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। किसी को जबरन रंग न लगाया जाए और हानिकारक या तरल पदार्थों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। हुड़दंग या अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

थाना प्रभारी गिरजाशंकर यादव ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। होलिका दहन से एक दिन पूर्व ही गश्त बढ़ा दी जाएगी। मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुड़दंग मचाने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सहमति जताई कि पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही होलिका दहन किया जाए। नदी एवं एनीकट में स्नान पर प्रतिबंध, डीजे साउंड पर रोक तथा बीच सड़क पर होलिका दहन करने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित नागरिकों ने अपने सुझाव रखे और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जसपाल छाबड़ा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रघु वैष्णव, गणेश सोनी, बीएमओ अमित लाल, बलराम जायसवाल, रघुनंदन कर्माकर, इंद्रजीत यादव, बीएल परिहार, देवेंद्र डडसेना, छोटू खान, रवि निर्मलकर, सरपंच अजय वर्मा, उत्तम बंजारे, देवचरण जोशी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *