मुंगेली, 02 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशों के अनुपालन में आबकारी विभाग द्वारा 01 मार्च को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान 10.6 लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई। दाऊपारा एंड्रूज वार्ड में धर्मेंद्र निर्मलकर और जैनेंद्र साहू के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

मल्हापारा, मुंगेली में अश्मिन गुप्ता (22) के विरुद्ध धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय ने बताया कि होली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान अवैध शराब की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संयुक्त टीम द्वारा लगातार दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है। अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में वृत्त पथरिया प्रभारी एवं आबकारी उपनिरीक्षक उम्मी रूमा, वृत्त लोरमी के आबकारी उपनिरीक्षक अमित शाह तथा वृत्त मुंगेली के आबकारी उपनिरीक्षक जयसिंह मरकाम सहित विभागीय स्टाफ शामिल रहे।