मुंगेली। होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला मुंगेली द्वारा सख्त सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में 3, 4 और 5 मार्च को जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।

यातायात एवं सड़क सुरक्षा के तहत ट्रिपल राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। तेज रफ्तार, स्टंट, बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर या प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग लगाने तथा महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। डीजे या साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य रहेगी। रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग या ध्वनि सीमा उल्लंघन पर उपकरण जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, आपत्तिजनक लेखन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर दंडात्मक कार्रवाई होगी।

सुरक्षा की दृष्टि से चेहरा ढकने वाले मुखौटों के उपयोग और विक्रय पर प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक या उत्तेजक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।
किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में नागरिक जिला पुलिस कंट्रोल रूम नंबर +91 94791 93044 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।