गौवंश तस्करी के मुख्य आरोपी  गिरफ्तार

बलरामपुर, 09 दिसंबर 2025 // थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने गौवंशीय पशुओं की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद रोजुद्दीन अंसारी उर्फ रोज मुहम्मद (45 वर्ष), निवासी ग्राम मानपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले कई वर्षों से पशु तस्करी में सक्रिय रहा है और उसके विरुद्ध अन्य मामलों में स्थायी वारंट भी जारी है। इस प्रकरण में अब तक 06 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

घटना 17 जुलाई 2025 की है, जब सेमरसोत जंगल स्थित नेशनल हाइवे पर मवेशियों से भरी पिकअप वाहन (क्रमांक JH07 M 8499) दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई थी। वाहन में 06 भैंसें ठूंस-ठूंसकर भरी गई थीं, जिनमें से एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 101/2025 दर्ज कर 4, 6, 10 पशु परिरक्षण अधिनियम व 11(1)(घ) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया था।

मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस अब तक 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी रोजुद्दीन अंसारी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी लोकेशन का पता लगा रही थी।

लगातार प्रयासों के बाद 08 दिसंबर 2025 को बतौली (जिला सरगुजा) क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी बतौली क्षेत्र में फिर से गौवंशीय पशुओं की खरीदी करने के लिए घूम रहा था और झारखंड स्थित बुचड़खाना भेजने की योजना में था। आरोपी अन्य मामलों में भी थाना बलरामपुर से पूर्व से फरार था।

आवश्यक विवेचना कार्यवाही पूर्ण कर आरोपी को 09 दिसंबर 2025 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बलरामपुर के समक्ष पेश किया जाएगा, जहाँ से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भूपेन्द्र साहू, उप निरीक्षक किरणेश्वर प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, शैलेंद्र तिवारी, आरक्षक सूरज मरावी, हरिशंकर यादव, महेंद्र गुप्ता और कवींद्र राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *