मुंगेली, 15 अक्टूबर 2025। बिलासपुर जिले में गौसेवक एवं हिन्दू संगठन से जुड़े ठाकुर राम सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजपूत क्षत्रिय समाज सहित सर्व हिन्दू समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाज के सदस्यों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए ठाकुर राम सिंह की शीघ्र रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, ठाकुर राम सिंह लंबे समय से हिन्दू धर्मांतरण के विरोध और गौ-रक्षा आंदोलन से जुड़े रहे हैं। उनके समर्थकों का आरोप है कि इसी सक्रियता के चलते कुछ असामाजिक तत्वों ने द्वेषवश झूठा प्रकरण दर्ज कराया, जिसके आधार पर बिल्हा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
राजपूत समाज का कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई और द्वेषपूर्ण है। समाज ने इस घटना की निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि ठाकुर राम सिंह को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो क्षत्रिय समाज प्रदेशव्यापी जन आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुंगेली जिला प्रशासन से समाज ने मांग की है कि एक्ट्रोसिटी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है — क्या ठाकुर राम सिंह को जल्द न्याय मिलेगा या विरोध और तेज होगा।