मुंगेली, 13 मार्च 2026। उद्यानिकी विभाग की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत आधुनिक खेती अपनाकर विकासखंड मुंगेली के ग्राम सेमरचुवा निवासी किसान तिजऊ राम ने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अच्छी आय अर्जित की है।
सीमित भूमि और संसाधनों के बावजूद उन्होंने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में 01 एकड़ क्षेत्र में ग्राफ्टेड बैंगन (सेंगो-704) की खेती की। आधुनिक तकनीक और उचित प्रबंधन के कारण उन्हें बेहतर उत्पादन प्राप्त हुआ।

तिजऊ राम के अनुसार ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से प्रति एकड़ लगभग 140 क्विंटल उत्पादन मिला। बाजार में बैंगन का थोक मूल्य 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये की कुल आय प्राप्त हुई।
इस खेती में कुल लागत करीब 80 हजार रुपये आई, जिससे उन्हें लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।

उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक भगवती साहू ने बताया कि तिजऊ राम को 30 हजार रुपये का अनुदान भी मिला, जिससे खेती की लागत कम हुई और आधुनिक खेती अपनाने में प्रोत्साहन मिला। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों को उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि किसान आधुनिक खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें।
तिजऊ राम ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से खेती और शासन की योजनाओं का लाभ लेने पर कम भूमि में भी अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है।