मुंगेली, 09 मार्च 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में आमजनों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

कलेक्टर ने जल समस्या वाले गांवों का ब्लॉकवार चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भूजल स्तर, पानी की टंकियों, पंप और अन्य संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समस्या वाले क्षेत्रों में समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी की बर्बादी रोकने और शून्य लीकेज सुनिश्चित करने को कहा। सभी कमर्शियल और घरेलू मकानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने तथा बोर से तालाब भरने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने बायोमेट्रिक अटेंडेंस के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल और ऑर्डर ऑफ प्रेसिडेंस का पालन अनिवार्य करने को कहा। महतारी वंदन सम्मेलन में प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा और नगरपालिका पथरिया के सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, महतारी वंदन योजना और बच्चों के आधार पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों के आदान-प्रदान के निर्देश देते हुए कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने को कहा। बैठक में हीट वेव से बचाव की तैयारियों, स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था तथा जनजागरूकता की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने एफआरए के अंतर्गत नामांतरण, विधिक वारिसान में नाम जोड़ने सहित अन्य आवेदनों के संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में राजस्व संग्रहण बढ़ाने, मसाहती पट्टे के सर्वे को शीघ्र पूरा कर पात्रतानुसार पट्टा प्रदान करने और चावल उत्सव के तहत पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने समितियों से शत-प्रतिशत धान उठाव, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति बढ़ाने, मनरेगा और एनआरएलएम के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग में किसान पंजीयन, केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर डीडीए सहित संबंधित अधिकारियों की वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम श्री योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन स्कूलों का कार्य 14 अप्रैल तक पूरा करने, उद्योग विभाग को औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की रणनीति बनाने तथा समाज कल्याण विभाग को पेंशन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत इंस्टॉलेशन और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाने और योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।