गर्मी बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

मुंगेली, 01 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में हीटवेव के दौरान हीट रैश, मांसपेशियों में ऐंठन, चक्कर, सिरदर्द, अत्यधिक प्यास और उल्टी जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है। गंभीर स्थिति में शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर हीट स्ट्रोक की आशंका बताई गई है, जिसे चिकित्सकीय आपातकाल माना गया है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नागरिकों से गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। एडवाइजरी के अनुसार अधिक पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा अधिक पसीना आने पर ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने और आवश्यक होने पर सिर व कान ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस, आईवी फ्लूड, आवश्यक दवाइयों और शीतलन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ओआरएस कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और खुले में काम करने वाले श्रमिक अधिक जोखिम में हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *