मुंगेली/लोरमी, 18 दिसंबर 2025। संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती छत्तीसगढ़ में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम, लालपुर धाम और मोतिमपुर अमरटापू धाम पहुंचकर जैतखाम एवं मंदिरों में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरु घासीदास बाबा के सत्य, समानता और मानवता के संदेश को याद करते हुए कहा कि बाबा द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का विचार आज भी सामाजिक समरसता और भाईचारे की मजबूत नींव है।

सेतगंगा और लालपुर को मिली विकास की सौगात
सेतगंगा धाम में मुख्यमंत्री श्री साय ने सामुदायिक भवन निर्माण, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास तथा गुरु घासीदास जयंती आयोजन सहित एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की। वहीं लालपुर धाम में आयोजित तीन दिवसीय मेले में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए लालपुर में नवीन महाविद्यालय की घोषणा की।

इसके साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन की राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये, कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की गई।
सरकार किसानों और महिलाओं के हित में प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक पात्र किसान से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

अमरटापू धाम को बनाया जा रहा प्रमुख तीर्थ स्थल
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव मोतिमपुर अमरटापू धाम पहुंचे, जहां उन्होंने जैतखाम में पालो चढ़ाकर बाबा गुरु घासीदास से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि अमरटापू धाम छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक और तीर्थ स्थलों में विकसित हो रहा है और यहां से सतनाम संदेश का व्यापक प्रसार हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने अमरटापू धाम परिसर के विकास एवं सौंदर्यकरण के लिए 50 लाख रुपये तथा मोतिमपुर तक सड़क निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रीय विकास से जुड़े अन्य कार्यों के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की रही बड़ी उपस्थिति
इन कार्यक्रमों में मंत्रीगण, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे। सभी ने गुरु घासीदास बाबा के विचारों को आत्मसात करने और समाज में समानता, सद्भाव और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
