गुजरात से नाबालिग बालिका बरामद, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

मुंगेली, 16 जुलाई 2025।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुजरात राज्य के सूरत शहर से एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सहित दो सहआरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मई 2025 को प्रार्थी ने थाना पथरिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपराध क्रमांक 194/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री पटेल के निर्देशानुसार, अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर सूरत (गुजरात) रवाना किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दिनांक 13 जुलाई 2025 को शिव कृपा सोसायटी, मोरा टेकरा, सूरत से नाबालिग को बरामद किया।

पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी कल्लू अहिरवार (21 वर्ष), निवासी छतरपुर, मध्यप्रदेश ने उसे बहला-फुसलाकर भगाया और शारीरिक शोषण किया। इस घटना में अन्य दो सहयोगी — लोकेश्वर चतुर्वेदी उर्फ सोनू (25 वर्ष) एवं रामराज घृतलहरे (24 वर्ष) — ने मोटरसाइकिल सीजी 28 एन 7221 में मदद की।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 87, 64(2)(ड), 5(ठ), 3(5) बीएनएस एवं 6 पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए दिनांक 16 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में विशेष योगदान देने वाले अधिकारी व जवान:
उप निरीक्षक जी.एस. यादव, सउनि रोशन टंडन, प्रआर चन्द्र कुमार ध्रुव, आरक्षक रामकिशोर कश्यप, मनोज टंडन, परमेश्वर जांगड़े, रवि श्रीवास, संजय यादव, योगेश यादव, जितेन्द्र राजपूत, विकास ठाकुर, राहुल ठाकुर एवं महिला आरक्षक नंदनी साहू।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *