पथरिया । थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी में घटित अंधे कत्ल के मामले का मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। मामले में मृतक की पत्नी को ही आरोपी पाया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गंगद्वारी निवासी आजूराम राजपूत की हत्या के संबंध में 24 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की सूचना दी गई थी। सूचना पर थाना पथरिया में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा विवेचना प्रारंभ की गई।

मृतक
विवेचना के दौरान पंचनामा तैयार कर फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक और उसकी पत्नी रूजेश्वरी राजपूत के बीच लगातार विवाद होता था।
संदेह के आधार पर रूजेश्वरी राजपूत से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि पति से परेशान होकर उसने सोते समय लोहे की कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या की। घटना के बाद उसने चोरी की झूठी कहानी बताकर पड़ोसियों को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और खून लगी साड़ी जप्त की। आरोपी को 24 जनवरी 2026 की रात्रि गिरफ्तार कर 25 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना पथरिया एवं साइबर सेल की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।