मुंगेली, 02 अक्टूबर 2025। गांधी जयंती के अवसर पर मुंगेली जिले में कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आदिकर्म योगी अभियान के तहत आदिसेवा पर्व का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले के कुल 35 अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्रामों में किया गया। इनमें विकासखंड मुंगेली का 01, पथरिया के 06 और लोरमी के 28 ग्राम शामिल रहे।

जनजाति कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के समुदाय को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी, आदि साथी तथा डीएमटी और बीएमटी के सदस्य सभी ग्रामों में पहुंचे। उन्होंने स्थानीय समुदाय के बीच विलेज एक्शन प्लान 2030 का वाचन कर ग्राम सभाओं से अनुमोदन भी प्राप्त किया।
इस प्रक्रिया से “अपना गांव, समृद्धि का सपना” की अवधारणा को साकार किया गया। जनजाति कार्य मंत्रालय से मयूर गुप्ता विशेष रूप से विकासखंड पथरिया के ग्राम कोकड़ी और जेवरा की आम सभाओं में शामिल हुए और ग्रामवासियों से चर्चा कर विकास योजनाओं का अनुमोदन कराया।
