गौ-तस्करी के फरार दो आरोपी बलरामपुर पुलिस के हत्थे चढ़े

बलरामपुर, 21 अगस्त 2025। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने गौ-वंशीय पशुओं की तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

मामला 4 मई 2025 का है, जब थाना बलरामपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर झारखंड के पशु तस्करों को छह बैल से भरे पिकअप वाहन के साथ पकड़ा था। उस समय वाहन जब्त कर लिया गया था, लेकिन चालक सहित कई आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान यह सामने आया कि घटना में मुख्य खरीदार, दलाल, परिवहनकर्ता और स्थानीय सहयोगी सभी संगठित रूप से शामिल थे। विशेष अभियान चलाकर 2 जून 2025 को झारखंड के विभिन्न स्थानों से छह आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई थी।

आज 21 अगस्त 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी कयामुद्दीन अंसारी (पिता- दोआ रसूल, उम्र 49 वर्ष) और हदीस अंसारी (पिता- दुखी मियां, उम्र 47 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मानपुर थाना रंका जिला गढ़वा (झारखंड) रामानुजगंज में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया और थाना बलरामपुर लाकर अग्रिम कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *