मुंगेली, 18 अगस्त 2025।
सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि और पशुहानि को देखते हुए मुंगेली जिले में गौ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बेसहारा और सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों के बेहतर प्रबंधन, सेवा और संरक्षण को सुदृढ़ करना है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर गौ चौपाल का आयोजन कर लोगों को गायों की सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

ग्राम स्तर पर पहल
उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर.एम. त्रिपाठी ने जानकारी दी कि मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम करूपान में गौ सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत गौ चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को गायों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में 09 लोगों को गौ सेवा मित्र का फॉर्म भराया गया, जिससे उन्हें इस अभियान से जोड़ा जा सके। अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को समझाया गया कि सड़क पर छोड़े गए मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, इसलिए हर नागरिक का दायित्व है कि गायों की सेवा और संरक्षण में सहयोग करे।