एकलव्य विद्यालय की निहारिका नाग ने जीता राष्ट्रीय स्वर्ण पदक

बलरामपुर, 6 दिसंबर 2025/ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शंकरगढ़ की छात्रा निहारिका नाग ने राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला उत्सव उद्भव 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाली निहारिका ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश को गर्व का अवसर दिया है।

निहारिका नाग कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। विद्यालय में प्रवेश के बाद उन्हें मिट्टीकला में अपनी दक्षता निखारने का बेहतर अवसर मिला, जहां संस्थान के अनुकूल वातावरण, संसाधनों और विशेषज्ञ प्रशिक्षण ने उनकी कला को नई दिशा दी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में निहारिका ने पहली बड़ी उपलब्धि हासिल की। जगदलपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जिसके बाद उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ।

इसके बाद निहारिका ने आंध्र प्रदेश में आयोजित 6वीं ईएमआरएस राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला उत्सव उद्भव 2025 में भी शानदार प्रदर्शन देकर राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। लगातार दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने विद्यालय और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

निहारिका की सफलता के पीछे कला शिक्षक राहुल जंघेल और विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार तिर्की का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा। विद्यालय ने उनके कौशल को उभारने और उन्हें सही मंच प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई।

निहारिका नाग की इस उपलब्धि से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *