बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण की दूरदृष्टि और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत नगर सेना लाइन बलरामपुर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी और संभागीय सेनानी राजेश कुमार पाण्डेय ने फलदार पौधों का रोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में 100 आँवला, 100 अमरूद, 50 कटहल, 50 आम व 50 आरकेसिया जैसे कुल 350 पौधे लगाए गए। कलेक्टर श्री कटारा ने जवानों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष जीवन के संतुलन का आधार हैं, और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने वृक्षों को आने वाली पीढ़ियों के लिए उपहार बताते हुए जैव विविधता के महत्व को रेखांकित किया। वहीं संभागीय सेनानी पाण्डेय ने नगर सैनिकों को “पर्यावरण प्रहरी” बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की रक्षा करते हैं, उसी भाव से पर्यावरण की रक्षा भी करें।
कार्यक्रम में बलरामपुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों के जिला सेनानी, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगर सैनिक उपस्थित रहे। यह वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम न होकर पर्यावरण संरक्षण की ओर एक सशक्त कदम है, जो भविष्य में हरियाली और स्वच्छ वातावरण की दिशा में सार्थक योगदान देगा।