मुंगेली, 02 अक्टूबर 2025। विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने रक्षित केंद्र मुंगेली में पारंपरिक विधि-विधान से शस्त्र एवं उपकरणों की पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने सुरक्षा, शक्ति और विजय प्राप्ति की कामना करते हुए जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण तरीके से दशहरा मनाने की अपील की।

दशहरा पर्व पर मुंगेली पुलिस द्वारा हथियार, उपकरण और वाहनों की पूजा कर जनता की सुरक्षा का संकल्प लिया गया। शस्त्र पूजन की इस परंपरा को पुलिस विभाग आजादी से पहले से निभाता आ रहा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। मान्यता है कि इस दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था और मां दुर्गा ने महिषासुर राक्षस का अंत किया था।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शस्त्रों को सजाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। परंपरा अनुसार कद्दू काटने और हवाई फायरिंग के बाद वाहनों की पूजा भी की गई। जिले के सभी थानों में भी शस्त्र पूजन का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी, नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे, यातायात एवं नक्सल उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू, रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल सहित जिले के थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

