मुंगेली, 07 जनवरी 2026// धान उपार्जन केंद्र नवागांव (ची.) में स्टेट स्तर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर की गई जांच में गंभीर अनियमितता सामने आई है। अलर्ट के अनुसार जारी डीओ के अनुरूप मिलर को कम धान भेजे जाने और उपार्जन केंद्र में अतिरिक्त धान रखे जाने की जानकारी मिली थी।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर राजस्व, सहकारिता और खाद्य विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा उपार्जन केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान उपार्जन केंद्र नवागांव में 234 बोरी अतिरिक्त धान पाया गया, जो ऑनलाइन दर्ज मात्रा से अधिक था।

मामले में सहायक आयुक्त सहकारिता द्वारा खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए निलंबित कर दिया गया।
साथ ही दोनों के विरुद्ध सेवा से पृथक करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रकरण के बाद कलेक्टर ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों के खरीदी प्रभारियों और मिलर्स की बैठक लेकर स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी उपार्जन केंद्र में अनियमितता, शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास या नियमों की अवहेलना पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।