रायपुर, 29 नवम्बर 2025। धान खरीदी कार्य में लापरवाही के मामले में रायगढ़ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए धान उपार्जन केंद्र मुकडेगा के सहायक समिति प्रबंधक तेलूराम सिदार को निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान उनके लगातार अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
अनुपस्थिति से प्रभावित हुई खरीदी प्रक्रिया
निरीक्षण टीम ने पाया कि सहायक समिति प्रबंधक कई दिनों से केंद्र में उपस्थित नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति के चलते धान खरीदी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई, जबकि खरीदी व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति आवश्यक है।

कड़े निर्देश और एस्मा एक्ट के प्रावधान
गौरतलब है कि एस्मा एक्ट 1979 के प्रावधानों के तहत धान खरीदी को आवश्यक सेवा घोषित किया गया है। इस अधिसूचना के बाद खरीदी कार्य से जुड़े कर्मचारियों को छुट्टी पर न जाने और लगातार उपस्थित रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों का उल्लंघन करने पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया।