मुंगेली (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज विकासखण्ड पथरिया के कई धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिलतरा, पड़ियाईन और धरदेई उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रगति, बारदाने की उपलब्धता, पंजीकृत किसानों की संख्या, रकबा समर्पण और केंद्रों में मौजूद सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेट पास एंट्री, फोटो अपलोडिंग, रिकॉर्ड अपडेट जैसे तकनीकी और प्रबंधकीय कार्यों की बारीकी से जांच की। कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच भी की और अधिकारी–कर्मचारियों को नियमानुसार खरीदी सुनिश्चित करने तथा धान के सुव्यवस्थित स्टैकिंग के निर्देश दिए। खरीदी से संबंधित स्पष्ट और पर्याप्त जानकारी उपलब्ध न कराने पर नायब तहसीलदार चंदन दुबे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार, धरदेई खरीदी केंद्र में अव्यवस्था पाए जाने पर नोडल अधिकारी प्रीतेश अहिरवार, खरीदी प्रभारी कार्तिक राम, पड़ियाईन केंद्र प्रभारी, ऑपरेटर, सहकारिता निरीक्षक और फूड इंस्पेक्टर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने किसानों से सीधे चर्चा कर टोकन व्यवस्था, सुविधाओं और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्रों में छाया, पेयजल और बैठने की उचित व्यवस्था हो तथा कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
अवैध धान परिवहन की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर ने निगरानी दल को सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने के साथ ही संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखना आवश्यक है। निर्देशानुसार, जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा, सीसीबी नोडल अधिकारी संतोष सिंह, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।