मुंगेली (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने प्रशासन ने भुगतान व्यवस्था को और सुविधाजनक किया है। किसानों को बैंक में लगने वाली लंबी कतारों से राहत देने के लिए जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को एटीएम कार्ड और चेक बुक उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही सभी 66 समितियों में माइक्रो एटीएम की सुविधा सुनिश्चित की गई है।
जिले के 10 सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को धान की राशि का भुगतान तेजी से किया जा रहा है। सीसीबी नोडल संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी समितियों में माइक्रो एटीएम उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को सीधे एटीएम के माध्यम से नकद भुगतान प्राप्त हो रहा है। प्रतिदिन एक हजार से अधिक किसानों को नगद भुगतान किया जा रहा है।

नोडल अधिकारी के अनुसार अब तक 16 हजार से अधिक किसानों ने धान बेच दिया है, जिनमें से 12 हजार 800 से अधिक किसानों को नकद भुगतान मिल चुका है। अब तक किसानों को कुल 141 करोड़ 41 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।