धान खरीदी में अनियमितता पर 38 कर्मचारियों पर कार्रवाई
रायपुर, 15 जनवरी 2026। राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर समिति प्रबंधकों और धान खरीदी से जुड़े 38 कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के तहत 31 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा एक कर्मचारी की सेवा समाप्त की गई, दो को सेवा से पृथक किया गया, एक को कार्य से पृथक किया गया तथा तीन कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में की गई है।

AI Symbolic Image
खाद्य विभाग के अनुसार निरीक्षण और पर्यवेक्षण के दौरान स्कंध में कमी, अधिक या अव्यवस्थित स्टेकिंग, नीति व निर्देशों के उल्लंघन, अमानक धान खरीदी, फर्जी खरीदी, टोकन अनियमितता, अवकाश के दिन खरीदी, बिना आवक पर्ची खरीदी, अवैध वसूली, बारदाना वितरण में अनियमितता और अव्यवस्था जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
दुर्ग जिले में भौतिक सत्यापन के दौरान स्कंध गड़बड़ी पाए जाने पर विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया। बेमेतरा जिले में अमानक और फर्जी धान खरीदी के मामलों में निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई हुई।
कबीरधाम जिले में स्कंध में कमी और बारदाना वितरण में अनियमितता के मामलों में निलंबन और एफआईआर दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में खराब धान खरीदी और बोरों की कमी के मामलों में निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई की गई।
जांजगीर-चांपा जिले में अवकाश के दिन खरीदी और टोकन अनियमितता के मामलों में कर्मचारियों को निलंबित किया गया। रायगढ़ जिले में धान खरीदी में अनियमितता पर चार सहायक समिति प्रबंधकों को निलंबित किया गया।
सक्ती जिले में बिना आवक पर्ची धान खरीदी के मामले में एक प्रभारी को सेवा से पृथक किया गया। जगदलपुर जिले में धान खरीदी में अनियमितता के कारण समिति प्रबंधकों को निलंबित किया गया। रायपुर जिले में किसानों से अवैध वसूली के मामले में एक कर्मचारी की सेवा समाप्त की गई।
गरियाबंद जिले में लापरवाही और अनियमितता पर निलंबन और कार्य से पृथक करने की कार्रवाई की गई। महासमुंद जिले में धान खरीदी में अनियमितता के मामलों में एफआईआर दर्ज की गई और एक केंद्र प्रभारी को निलंबित किया गया।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नीति के विपरीत कार्य और धान स्कंध में कमी के मामलों में निलंबन और सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की गई।