मुंगेली, 21 जनवरी 2026। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने धान खरीदी केंद्र गुरुवाइनडबरी और खुड़िया का निरीक्षण किया।
गुरुवाइनडबरी केंद्र में कलेक्टर ने कुल धान खरीदी, रकबा समर्पण और धान के भौतिक सत्यापन की जानकारी ली। बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की शिकायत पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और केवल जीपीएस युक्त अधिकृत वाहनों से परिवहन सुनिश्चित करने को कहा।

रकबा समर्पण की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। धान खरीदी से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं देने पर लालपुर तहसीलदार एम.पी. कौशिक, नायब तहसीलदार प्रकाश यादव और आरएईओ नेहा ध्रुव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने किसानों की वास्तविक उपज की पूर्ण खरीदी सुनिश्चित करने तथा शेष रकबे के दुरुपयोग को रोकने के लिए किसानों की सहमति से रकबा समर्पण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संचालित करने पर जोर दिया।

इसके बाद खुड़िया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां भौतिक सत्यापन और डीओ कटने की स्थिति की समीक्षा की गई। हमाली के नाम पर किसानों से राशि लेने की शिकायत पर केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कोचियों और बिचौलियों का धान किसी भी स्थिति में न खरीदने, संदिग्ध केंद्रों में भौतिक सत्यापन कराने, उठाव में तेजी लाने, बिना गेट पास के वाहनों का परिवहन रोकने और सीसीटीवी से विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान विक्रय करने आए किसान जोगीराम से चर्चा की। किसान ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त आय से वे अपने बच्चों को इंजीनियरिंग की शिक्षा दिला रहे हैं और इस वर्ष लगभग 9 लाख रुपये का धान विक्रय किया है।
निरीक्षण के दौरान लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास, सीसीबी नोडल संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।