मुंगेली, 04 नवंबर 2025। शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जनपद पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर हर्षवर्धन चौहान ने धान खरीदी प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी और प्रायोगिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कम्प्यूटराइजेशन एवं समिति मॉड्यूल, ट्रायल रन, टोकन प्रक्रिया, पीसीएसएएपी में एंट्री, व्यवस्थित स्टैकिंग, आवक धान हेतु बारदाना व्यवस्था और 29 बिंदुओं की प्रारंभिक तैयारी पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धान खरीदी शासन की एक महत्वाकांक्षी योजना है और इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे खरीदी केन्द्रों का सतत निरीक्षण करें और किसानों के लिए छाया, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, खाद्य अधिकारी एच.के. डड़सेना, सभी खरीदी केन्द्रों के जिला नोडल अधिकारी, खरीदी व बारदाना प्रभारी, तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित रहे।
