मुंगेली। पथरिया विकासखंड के ग्राम मर्राकोना में सतनामी समाज द्वारा बाबा गुरु बालक दास जी की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। दोपहर 4 बजे पूजा-अर्चना, पान-प्रसाद और मिष्ठान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जैत स्तंभ में पालो चढ़ाने के पश्चात शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बालिकाओं ने कलश यात्रा कर पूरे गांव का भ्रमण किया और “मानव-मानव एक समान” का संदेश दिया।

शोभायात्रा में युवाओं द्वारा अखाड़े का भव्य प्रदर्शन किया गया, जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और गुरु बालक दास जी के जीवन आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
रात्रि कालीन कार्यक्रम में भांवर कछार की बालिकाओं द्वारा पंथी नृत्य और कपूवा पंथी पार्टी का विशेष प्रदर्शन हुआ। विचारपुर पंडित ओमकार बंजारे ने चौका आरती और बाबा जी की अमृतवाणी प्रस्तुत कर ग्रामवासियों को समाज में समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संगठन और ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।
