डीएवी स्कूल में वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण का आयोजन

पथरिया। पथरिया नगर के समीप स्थित एकमात्र अंग्रेजी माध्यम डीएवी स्कूल में शनिवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम संस्कृति, सभ्यता एवं संस्कार रही।

समारोह में मुख्य अतिथि एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा रहीं। वरिष्ठ अतिथि के रूप में नगर पंचायत पथरिया अध्यक्ष हलसी रघु वैष्णव तथा नगर पंचायत सरगांव अध्यक्ष परमानंद साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के बाद दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात डीएवी परंपरा अनुसार गायत्री मंत्र, राष्ट्रगान, राजकीय गीत एवं डीएवी गान का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम में प्रेरणाप्रद ड्रामा, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यालय के सभी हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

एसडीएम रेखा चंद्रा ने सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने नशा मुक्ति पर आधारित ड्रामा की प्रशंसा करते हुए इसके संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई और तनाव मुक्त परीक्षा तैयारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकगण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्राचार्य गौरव सिंह राजपूत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय को समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह में पिछले सत्र के बोर्ड परीक्षा टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं से रोहन वर्मा और कक्षा 10वीं से पूर्वी यादव को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

सम्मान कड़ी में श्रद्धानंद हाउस को बेस्ट हाउस, कक्षा 10वीं को बेस्ट क्लास, उर्वशी साहू को बेस्ट शिक्षक, कक्षा 10वीं के आशीष लहरी को बेस्ट स्टूडेंट तथा कक्षा 11वीं के समीर ठाकुर को बेस्ट सपोर्टिंग स्टूडेंट का सम्मान दिया गया।

नशा मुक्ति ड्रामा के लिए श्रद्धानंद हाउस तथा छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित समूह नृत्य के लिए विवेकानंद हाउस को सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को शॉल, मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षक पुरेंद्र सिंह राजपूत द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति पाठ के साथ किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं सहयोगी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *