मुंगेली, 31 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बिहान अंतर्गत विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में मुंगेली जनपद पंचायत सभाकक्ष में कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इसमें स्व सहायता समूह की महिलाओं की संघर्ष और आत्मनिर्भरता की कहानियां साझा की गईं, ताकि ग्रामीण अंचलों की अन्य महिलाएं भी प्रेरित होकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदी पहल के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य कर आर्थिक सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे ने कहा कि बिहान योजना और लखपति दीदी पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। आज महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति उमाशंकर साहू, जनपद पंचायत मुंगेली सभापति खोरबहरीन साहू, सदस्य महेंद्र यादव, राजेश अंचल, जनपद पंचायत सीईओ राकेश साहू, बिहान राज्य कार्यालय से एएसपीएम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्वच्छता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।