मुंगेली, 16 अक्टूबर 2025।
थाना चिल्फी में पदस्थ दो आरक्षकों का वर्दी में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 221 राजेश ध्रुव और आरक्षक क्रमांक 323 मनोज कुमार सिंह वर्दी में रहते हुए अनुशासनहीन हरकत करते नजर आए। यह कार्यवाही विभागीय गरिमा के प्रतिकूल मानी गई। दोनों पर घोर अनुशासनहीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को निलंबित कर रक्षित केंद्र मुंगेली में पदस्थ किया गया है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में होना या किसी भी प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना हरकत विभाग के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल पुलिस विभाग की साख को नुकसान पहुंचाती हैं बल्कि जनता के विश्वास को भी डगमगाती हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कर्तव्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
