छत्तीसगढ़ में यूरिया संकट, पुलिस सुरक्षा में हो रही वितरण

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के बीच यूरिया खाद की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन राज्य सरकार किसानों की जरूरत के मुताबिक खाद उपलब्ध कराने में नाकाम साबित होती दिख रही है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में यूरिया वितरण केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है।



आज मुंगेली जिले के उपज मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र पर हजारों किसान यूरिया लेने पहुंचे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल बुलाना पड़ा और स्वयं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल को मोर्चा संभालना पड़ा। किसानों का कहना है कि सरकार समय रहते पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं करा पाई, जिसके कारण उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



पुलिस अधीक्षक ने किसानों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि टोकन व्यवस्था के तहत सभी किसानों को क्रमवार खाद मिलेगा। वहीं एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज ने दावा किया कि स्टॉक पर्याप्त है और वितरण पर प्रशासन निगरानी रख रहा है। लेकिन किसानों की नाराजगी साफ झलक रही थी, क्योंकि उन्हें लंबे इंतजार के बाद भी यूरिया खाद मिलने की गारंटी नहीं मिल रही।



ग्रामीण इलाकों से आए किसानों ने राज्य सरकार पर नाराजगी जताते हुए चर्चा कर रहे  कि समय पर यूरिया उपलब्ध न होने से उनकी खरीफ फसल प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत यूरिया की आपूर्ति बढ़ाए और किसानों को राहत दिलाए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई और किसानों को लाइन में खड़ा कर वितरण प्रारंभ किया गया। बावजूद इसके किसानों में असंतोष का माहौल बना रहा।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *