28 मई 2025
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आगामी 1 जून से 7 जून 2025 तक पूरे प्रदेश में “चावल उत्सव” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 81 लाख से अधिक राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त महीने का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा।
इस वितरण के लिए राज्य की 13,928 उचित मूल्य दुकानों को चावल का आबंटन किया जा चुका है और भंडारण का कार्य तेज़ी से जारी है, जिससे वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए, विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार, यह वितरण दुकान स्तरीय निगरानी समिति की उपस्थिति में होगा। लाभार्थियों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही चावल मिलेगा और पावती रसीद देना अनिवार्य होगा।
सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि चावल वितरण की जानकारी को स्थानीय प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए, जिससे अधिकतम लाभार्थी समय पर जानकारी प्राप्त कर सकें और वितरण पूर्ण रूप से पारदर्शी रहे।
खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने 28 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों और खाद्य अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उचित मूल्य दुकानों में समय से पूर्व चावल का समुचित भंडारण किया जाए।

प्रदेश की 249 ऐसी दुकानें, जो मानसून के दौरान पहुंचविहीन हो जाती हैं, वहां जून माह में ही अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि बारिश में भी राशन वितरण निर्बाध रूप से जारी रह सके।
इस बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक श्रीमती किरण कौशल, खाद्य विभाग के संचालक श्री रमेश शर्मा सहित सभी जिलों के कलेक्टर, खाद्य नियंत्रक, जिला खाद्य अधिकारी एवं नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक उपस्थित रहे।
