छत्तीसगढ़ के पहले पर्व हरेली पर  युवा संगठन द्वारा पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को दिया बल

पथरिया/मुंगेली, 23 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” महावृक्षारोपण अभियान के तहत प्रदेश को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पहले पारंपरिक पर्व हरेली के पावन अवसर पर जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम अमलडीहा में युवा संगठन द्वारा वृक्षारोपण किया गया।



पौधारोपण का यह कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय परिसर और गांव के तालाब परिसर में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में नारियल का पौधा तथा तालाब किनारे पीपल का पौधा रोपा गया। साथ ही इन पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री गार्ड भी लगाए गए, ताकि भविष्य में इनकी सही देखभाल हो सके।

इस अवसर पर पत्रकार रंजीत तेंदुलकर ने पौधारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा—
“पौधारोपण केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करता, बल्कि यह वन्यजीवों के लिए भी आश्रय प्रदान करता है। पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और भूमि में नमी को भी बनाए रखते हैं। हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।”

कार्यक्रम में कई गणमान्य ग्रामीणों की सहभागिता रही, जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व सरपंच राजू यादव, पूर्व उपसरपंच कामेश बघेल, पत्रकार रंजीत तेंदुलकर, हुमन बघेल, रोहित डहरिया, मोतीलाल वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, रामनरेश वर्मा, नीलचरण यादव, चंद्रप्रकाश ध्रुव, उमेश टंडन और विजय वर्मा उपस्थित रहे।

हरेली पर्व जैसे पारंपरिक अवसर पर पौधारोपण कर अमलडीहा के युवाओं ने पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *