रायपुर, 10 नवम्बर 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH कॉलेज का दौरा किया। यह कॉलेज मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी शिक्षा को आधुनिक तरीकों से सिखाने के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शिक्षण प्रणाली, आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया तथा छात्रों से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पवित्र भूमि है, जिसने पूरे देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में भी ऐसे संस्थान विकसित किए जाएंगे, जहाँ युवाओं को नवीन तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आईटीआई कॉलेजों में बड़ा बदलाव लाने जा रही है। नई योजना के तहत अब छत्तीसगढ़ के आईटीआई कॉलेजों को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जाएगा। आने वाले वर्षों में इन कॉलेजों में अत्याधुनिक मशीनें और डिजिटल प्रशिक्षण सुविधाएँ शुरू की जाएंगी, ताकि छात्र केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त कर सकें।
NAMTECH कॉलेज के प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुजरात में कॉलेजों के बीच एक नेटवर्क मॉडल विकसित किया गया है, जिसके अंतर्गत सभी संस्थानों को आपस में जोड़ा गया है। इससे छात्रों को नई तकनीक का प्रशिक्षण मिल रहा है और वे सीधे उद्योगों में कार्य करने में सक्षम हो रहे हैं। प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे इसी मॉडल को छत्तीसगढ़ में भी लागू करने में सहयोग करेंगे।
इस मॉडल के लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ में हर वर्ष लगभग 10,000 युवाओं को आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे न केवल युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी, बल्कि राज्य औद्योगिक विकास में भी अग्रणी बनेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी। राज्य के युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं, जो आधुनिक तकनीक और नई सोच के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगे।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री एस. भारतीदासन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।