सारंगढ़-बिलाईगढ़। NBC 24 NEWS (नवा बिहान छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़) के जिला ब्यूरो चीफ पुरुषोत्तम सिदार ने आज अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान ग्राम पंचायत धौराभांठा व डीपापारा मोहल्ले की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि क्षेत्र की सड़कों की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। बारिश के चलते गलियां व मुख्य मार्ग कीचड़ से लथपथ हैं, जिससे आम जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है।
इन इलाकों में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। न तो नाली निर्माण हुआ है और न ही पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था। ऐसे में स्कूली छात्र-छात्राओं और राहगीरों को स्कूल और कार्यस्थलों तक पहुँचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से नाराज़ ग्रामीण
इस विषय को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि स्थानीय जन प्रतिनिधियों को क्षेत्र के विकास की कोई चिंता नहीं है। पंचायत प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
जनता अब भी विकास की आस लगाए बैठी है, लेकिन शासन-प्रशासन की चुप्पी ने जनता की पीड़ा को और गहरा कर दिया है। खराब सड़कों व जल निकासी के अभाव के कारण स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर भी खतरा मंडरा रहा है।
NBC 24 NEWS की टीम ने इस गंभीर विषय को सामने लाकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि कब तक जागते हैं और स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाते हैं।