बलरामपुर, 22 जनवरी 2026। जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर के सभागार में विकासखण्ड बलरामपुर अंतर्गत हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्यों और शैक्षिक समन्वयकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बोर्ड परीक्षा, त्रैमासिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षा के संस्थावार परिणामों तथा बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्राचार्यों ने जानकारी दी कि सभी विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जा चुका है।


बताया गया कि मिशन-40 दिन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन रिवीजन कक्षाएं और सह-शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उल्लास मेला की पूर्व तैयारियों पर चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने ग्राम प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे डोर-टू-डोर सर्वे कर 25 जनवरी 2026 तक सभी साक्षरों का चिन्हांकन करें और 26 जनवरी 2026 को ग्राम स्तर पर आयोजित उल्लास मेला में इसकी घोषणा सुनिश्चित करें।
बी.एस.के. एप में सभी शिक्षकों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने तथा प्रतिदिन चेक-इन और चेक-आउट के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और लंबित ई-केवाईसी के निराकरण के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
अपार आईडी जनरेट करने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए तहसीलदार बलरामपुर सुनील कुमार गुप्ता द्वारा जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। शैक्षिक समन्वयकों को संकुल स्तर पर पात्र विद्यार्थियों के आवेदन पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा पूर्व विद्यालयों में फर्नीचर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और सरगुजा ओलंपिक में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों का पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) हीरालाल पटवा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी संजु कनौजिया, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक (साक्षरता) अनिल तिवारी, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक सुरेश सिंह सहित विकासखण्ड के समस्त प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक एवं ग्राम प्रभारी उपस्थित रहे।