मुंगेली, 12 जनवरी 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव द्वारा कलेक्टर कॉन्क्लेव में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा प्रक्रिया में पाई गई कमियों पर चर्चा की गई।
बैठक में वाहन ट्रैकिंग सिस्टम की जानकारी प्रस्तुत की गई। आईसीसीसी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा जनरेट किए जाने वाले विभिन्न अलर्ट की श्रेणियों से अधिकारियों को अवगत कराया गया। कलेक्टर ने जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले की सभी समितियों को डीसीसीसी से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीदी और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में बताया गया कि एआई आधारित वेरिफिकेशन अलर्ट राज्य स्तर से प्राप्त होते हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।

समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कम क्षमता वाली गाड़ियों में अधिक मात्रा में धान का परिवहन तथा बिना ट्रिप या बिना जीपीएस लगी गाड़ियों से धान उठाने की अनियमितताएं पाई गई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित मिलर्स के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों से अलर्ट पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली और समय-सीमा से अधिक समय तक हॉल्ट वाले अलर्ट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। अलर्ट सूची में शामिल कम क्षमता या बिना ट्रिप व बिना जीपीएस वाली गाड़ियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर वाहन जब्ती की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिले की सभी समितियों और मिलों में फिजिकल वेरिफिकेशन पंजियों एवं सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, तीनों अनुविभागों के एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।