समाचार
बलरामपुर-रामानुजगंज – कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम सिविलदाग काटासारू निवासी आरोपी बुधन राम (34 वर्ष) को पुलिस ने बलात्कार के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 29 अगस्त 2025 को कुसमी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि 9 अगस्त 2025 की रात लगभग 10 बजे वह बाथरूम करने घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी बुधन राम ने जबरन उसका हाथ पकड़कर पास ही गरना लोहार के बाड़ी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने लोकलज्जा के कारण उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।

पीड़िता ने आगे बताया कि 28 अगस्त को आरोपी ने पुनः उसे गाली-गलौज कर डराने-धमकाने की कोशिश की, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 75/2025 धारा 64, 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी बुधन राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 30 अगस्त 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक डाकेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक श्यामलाल भगत, आरक्षक मनोज, देवचंद पैकरा, चालक अनिल एक्का सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।