बिलासपुर पुलिस रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य थानों की व्यवस्था के संबंध में आमजन से सीधे फीडबैक प्राप्त करना है।

यह शुभारंभ बिलासपुर पुलिस लाइन के चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में हुआ। रेंज के कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।

क्यूआर कोड स्कैन कर आमजन थाने से संबंधित अपना फीडबैक दे सकेंगे। स्कैन करने पर एक गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज होगा। पहचान और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रखा गया है।

रेंज के सभी आठ जिलों के थानों और पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड स्थापित किए गए हैं। यह व्यवस्था आज से लागू कर दी गई है।